बहराइच मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थिएटर में धमाका, ऑटोक्लेव मशीन फटी, बड़ा हादसा टला
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच स्थित मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग में सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में लगी ऑटोक्लेव मशीन तेज धमाके के साथ फट गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ओटी में मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी बाहर निकल चुके थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
धमाके से प्रभावित हुआ कामकाज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटोक्लेव मशीन का इस्तेमाल कॉटन और अन्य कपड़ों को स्टरलाइज करने के लिए किया जा रहा था। नर्सिंग कर्मचारी मशीन चालू करके जैसे ही बाहर निकला, अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और मशीन फट गई। धमाके के बाद ओटी के भीतर धुआँ भर गया।
तेज आवाज सुनते ही डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और आसपास के कर्मचारी घटनास्थल की ओर दौड़े। इस घटना के कारण इमरजेंसी ओटी में कुछ देर के लिए कामकाज प्रभावित हुआ, हालांकि स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जांच समिति गठित, लापरवाही की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि की। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मशीन में अधिक भाप (स्टीम) बनने के कारण धमाका होने की आशंका है। उन्होंने दोहराया कि कोई भी कर्मचारी या मरीज चोटिल नहीं हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच समिति गठित कर दी गई है। यह समिति यह पता लगाएगी कि मशीन में तकनीकी खराबी थी या संचालन में लापरवाही हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा मानकों और चिकित्सा उपकरणों की नियमित जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
Also Read: राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख स्तंभ डॉ. रामविलास दास वेदांती का निधन, अयोध्या लाया जाएगा पार्थिव शरीर

