तेलंगाना की कैमिकल फैक्ट्री में विस्फोट, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 34, दर्जनों घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। पसामैलाराम फेज-1 स्थित सिगाची फार्मा कंपनी की एक रिएक्टर यूनिट में हुए विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भयानक आग लग गई। इस हादसे में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बता दें कि धमाका 30 जून की सुबह 8:15 से 9:30 बजे के बीच हुआ, जब फैक्ट्री की सुबह की शिफ्ट शुरू हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि कई मजदूरों के शरीर 100 मीटर दूर तक जा गिरे। धमाके के बाद फैक्ट्री की रिएक्टर यूनिट पूरी तरह तबाह हो गई।

मृतकों में अधिकांश बाहरी राज्य के मजदूर

फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में से अधिकांश मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से थे। एक कर्मचारी ने बताया कि हर शिफ्ट में करीब 60 मजदूर और 40 अन्य स्टाफ कार्यरत होते हैं। एक मजदूर की परिजन महिला ने बताया कि उनके परिवार के चार सदस्य—बेटा, दामाद, जेठ और देवर—उसी फैक्ट्री में काम करते हैं। इनमें से तीन लोग उस समय अंदर मौजूद थे।

धमाके के बाद अफरातफरी

धमाके के बाद आस-पास अफरा-तफरी मच गई। राहत-बचाव के लिए दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसपी परितोष पंकज ने पुष्टि की कि अब तक 31 शव फैक्ट्री से निकाले जा चुके हैं, जबकि 3 लोगों की मौत अस्पताल में हुई है। एक मजदूर ने बताया कि फैक्ट्री में शिफ्ट शुरू होते ही सभी कर्मचारियों के मोबाइल जमा कर लिए जाते हैं, जिससे अंदर काम कर रहे लोगों की कोई भी जानकारी बाहर नहीं पहुंच पाई।

मुआवज़े की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए PM नेशनल रिलीफ फंड से प्रत्येक मृतक के परिजन को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

सिगाची इंडस्ट्रीज 1989 से माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) नामक फार्मास्युटिकल पाउडर बनाती है, जो दवा और कॉस्मेटिक उत्पादों में इस्तेमाल होता है। इसके देशभर में पांच उत्पादन केंद्र हैं और इसके उत्पाद 65 से अधिक देशों में निर्यात किए जाते हैं।

लेकिन इस हादसे का असर कंपनी के शेयर पर भी दिखा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर में 9.89% की गिरावट दर्ज की गई और यह ₹49.72 प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा था।

Also Read: सीएम रेखा गुप्ता ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम…

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.