कारगिल के वीरों को याद कर नम हुईं आंखें, लखनऊ छावनी में ‘स्मृतिका’ पर हुआ श्रद्धांजलि समारोह
Sandesh Wahak Digital Desk: कारगिल विजय दिवस के मौके पर 26 जुलाई 2025 को लखनऊ छावनी स्थित मध्य कमान युद्ध स्मारक ‘स्मृतिका’ पर एक भावपूर्ण पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में भारतीय सेना के उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

इस मौके पर मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि भारतीय सेना की अदम्य वीरता और देशभक्ति की जीवंत मिसाल है।
समारोह में पूर्व सैनिक समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी उपस्थित होकर अपने साथियों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए वीरों की स्मृति को सैल्यूट किया। पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत था और हर चेहरा गर्व और भावुकता का मिला-जुला प्रतिबिंब दिखा रहा था।

पूर्व सैनिकों के साथ किया संवाद
लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने समारोह के पश्चात लखनऊ सैन्य स्टेशन पर पूर्व सैनिकों के साथ संवाद भी किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को सराहा और कहा कि भारतीय सेना अपने रिटायर्ड सैनिकों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा, “शौर्य अमर है, बलिदान अनंत है। भारतीय सेना के हर जवान के दिल में आज यही भावना गूंज रही है।”
कारगिल विजय दिवस हर भारतीय के लिए उस गर्व की याद है, जब हमारी सेना ने कठिन पर्वतीय हालात में अद्भुत साहस और रणनीति के बल पर दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर किया था। यह दिन उन वीरों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की सरहद की खातिर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए और तिरंगे की शान को झुकने नहीं दिया।
Also Read: Unnao News: CM योगी ने किया देश की पहली AI आधारित मल्टीडिसिप्लिनरी यूनिवर्सिटी का उद्घाटन

