लखनऊ में पकड़ा गया फर्जी IAS, छह लग्जरी गाड़ियां और नकली पास बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां एक शातिर अपराधी को फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर रौब दिखाते हुए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 6 लग्जरी गाड़ियां, कई फर्जी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है।
यह गिरफ्तारी वजीरगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम कारगिल पार्क के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी को रोका, तो पीछे बैठे व्यक्ति ने शीशा नीचे करके अपना परिचय एक आईएएस अधिकारी के रूप में दिया। उसने अपना पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड भी दिखाया, लेकिन पुलिस की नजर गाड़ी के अंदर रखी लाल-नीली बत्ती पर पड़ गई।
ऐसे हुआ पर्दाफाश
पुलिस ने जब उससे लाल-नीली बत्ती रखने का कारण पूछा, तो वह घबरा गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह बड़े अधिकारियों के नाम लेकर धमकाने लगा। शक गहराने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। उसने अपना नाम सौरभ त्रिपाठी बताया, जिसके कई अलग-अलग पते थे। पुलिस को उसके आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और बताए गए पते में काफी भिन्नता मिली।
जाँच में पता चला कि वह कोई आईएएस अधिकारी नहीं, बल्कि एक शातिर ठग है। उसने सचिवालय पास, आईएएस पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड जैसे फर्जी दस्तावेज खुद बनाए थे। वह फर्जी एनआईसी (NIC) मेल आईडी का भी इस्तेमाल करता था। इन सब का उपयोग वह देश के अलग-अलग जिलों में अनुचित आर्थिक लाभ लेने के लिए करता था।
सौरभ त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उसके पास कुछ और भी गाड़ियाँ हैं, जिन पर लाल-नीली बत्ती और फर्जी पास लगे हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गोमती नगर स्थित उसके आवास से पाँच और गाड़ियां बरामद कीं।
बरामद की गई गाड़ियां और सामान
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 6 चार-पहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनमें महंगी और लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं:
- एक इनोवा क्रिस्टा (सफेद), जिस पर लाल-नीली बत्ती और ‘संयुक्त सचिव भारत सरकार’ की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
- एक रेंज रोवर डिफेंडर (सफेद), जिस पर नकली सचिवालय पास था।
- दो इनोवा क्रिस्टा (सफेद), जिन पर ‘उत्तर प्रदेश शासन’ लिखा हुआ था।
- एक मर्सिडीज बेंज C220D (सिल्वर), जिस पर भी नकली सचिवालय पास लगा था।
इसके अलावा, पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन, 11,097 रुपये नकद, एक लैपटॉप, कई फर्जी आधार कार्ड, अलग-अलग नामों के विजिटिंग कार्ड, फर्जी पास बनाने वाले दस्तावेज और दो लाल-नीली बत्तियां भी बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी सौरभ त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Lucknow News: अवंति बाई और क्वीन मैरी अस्पताल पहुंचीं महिला आयोग की अध्यक्ष, मरीजों से जाना हाल

