नेपाल सीमा पर फर्जी IAS चढ़ा पुलिस के हत्थे, लाल बत्ती की धौंस दिखाकर ‘कैसीनो’ जा रहे 5 गिरफ्तार
बहराइच: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक ऐसे गिरोह को दबोचा है जो सरकारी रुतबे का मुखौटा पहनकर गैर-कानूनी शौक पूरे करने नेपाल जा रहा था। रुपईडीहा सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने लाल-नीली बत्ती और हूटर लगी कार में सवार एक फर्जी आईएएस अधिकारी और उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है।
हूटर बजाकर जमा रहे थे धौंस
रविवार शाम करीब 7:30 बजे एक लग्जरी कार हूटर बजाते हुए नेपाल की ओर बढ़ रही थी। सुरक्षाकर्मियों ने जब संदेह होने पर वाहन को रोका, तो कार में सवार एक युवक ने खुद को लखनऊ सचिवालय में तैनात IAS अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बताया। गहन पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में धर्मेंद्र का दावा पूरी तरह फर्जी निकला। वह कोई अधिकारी नहीं, बल्कि एक जालसाज था।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल के कैसीनो में जुआ खेलने जा रहे थे। सुरक्षा जांच से बचने के लिए उन्होंने गाड़ी पर फर्जी बत्ती और हूटर लगा रखा था। आरोपी धर्मेंद्र सिंह, शुभम बाजपेई, अनमोल सिंह, सचिन सिंह और स्वप्नल सहाय (सभी लखनऊ निवासी) गिरफ्तार किया गया है।
बरामदगी और वाहन की जानकारी
पुलिस के अनुसार, जिस वाहन का उपयोग किया गया वह धर्मेंद्र की पत्नी की ‘प्रिया एजेंसी’ के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने इनके पास से ₹2.17 लाख नकद, 6 मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक चिप डिवाइस और पावर बैंक बरामद किए हैं।
महराजगंज में ₹2 करोड़ की चरस बरामद
इसी बीच, एक अन्य बड़ी कार्रवाई में महराजगंज की नौतनवा सीमा पर पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने एक कार से 18 किलोग्राम चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग ₹2 करोड़ बताई जा रही है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो नेपाल से नशे की खेप भारत ला रहा था।
Also Read: यूपी में ‘AI मिशन’ का शंखनाद: 65 डेटा लैब और 2000 करोड़ का बजट; CM योगी का बड़ा डिजिटल ऐलान

