Lucknow News: शादी का झांसा देकर फर्जी जज ने की लाखों की ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ में एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया गया है, जिसने खुद को जज बताकर एक नर्सिंग ऑफिसर को शादी का झांसा दिया और उससे 59.50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी की पहचान विष्णु शंकर गुप्ता उर्फ अंशुमान विक्रम के रूप में हुई है, जो खुद को कभी आईएएस, आईपीएस तो कभी न्यायिक अधिकारी बताकर लोगों को ठगता था। पुलिस ने उसे कानपुर से गिरफ्तार किया है।
यह घटना तब सामने आई जब बुलंदशहर की एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वह लखनऊ के केजीएमयू में नर्सिंग ऑफिसर हैं। उनके पिता ने उनकी शादी के लिए एक मैट्रिमोनियल साइट पर विज्ञापन दिया था, जिसे देखकर आरोपी ने उनके पिता से संपर्क किया। आरोपी ने खुद को सीतापुर का एडीजे बताया और अपनी बातों से सबका भरोसा जीत लिया।
इसके बाद, उसने युवती से बातचीत शुरू की और बातों ही बातों में उसे एक करोड़ रुपये की कार खरीदने का झांसा दिया। उसने युवती से कार के लिए लोन करवा लिया, जिसके पैसे सीधे उसके खाते में आ गए। 7 सितंबर को आरोपी ने युवती से चारबाग में मुलाकात की और बहाना बनाकर 59.50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। सुराग मिलने पर पुलिस ने कानपुर में आरोपी के घर पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही आरोपी और उसकी तलाकशुदा पत्नी आयुषी गुप्ता ने उन पर दो खतरनाक कुत्ते छोड़ दिए। पुलिस टीम ने किसी तरह कुत्तों से बचकर दोनों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में जब आरोपी कुछ नहीं बोला, तो पुलिस ने उसे गधे पर बैठाकर घुमाने की चेतावनी दी, जिसके बाद उसने सच उगल दिया। पुलिस ने उसके पास से 42.50 लाख रुपये नकद, एक कार, दो मोबाइल फोन और एक फर्जी जज का पहचान पत्र बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह दोनों मिलकर पहले भी कई लोगों को ठग चुके हैं।

