कानपुर में कच्चा मकान ढहने से मलबे में दबा परिवार, 4 लोगों की मौत

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में साढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरनी गांव (ब्लॉक पतारा) में रविवार को तेज बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में स्थित मुकेश कुमार पुत्र दारा सिंह का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी वजह से अंदर मौजूद एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए। हादसे की तेज आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया और मामले की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही साढ़ थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम आधुनिक उपकरणों, तीन फायर टेंडर और एक एमडीआरवी गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस बल, रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से करीब दो घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे के नीचे दबे परिवार के सभी पांचों सदस्यों को एक-एक कर बाहर निकाला गया और तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान पिता और तीन बेटियों की मौत

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद 45 वर्षीय मुकेश कुमार, उनकी 17 वर्षीय बेटी माया, 7 वर्षीय बेटी नीतू और 5 वर्षीय मासूम बेटी पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई मुकेश की 20 वर्षीय बड़ी बेटी काजल को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

एक ही हंसते-खेलते परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत की खबर मिलते ही हिरनी गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डीसीपी ने हादसे में चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य पूरी तरह संपन्न कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से मौके का मुआयना कर आवश्यक विधिक एवं आर्थिक सहायता से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Also Read: युवा आंदोलनों के राजनीतिकरण पर मायावती ने जताई चिंता, कार्यकर्ताओं को दी दूर रहने की सलाह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.