प्रसिद्ध तमिल अभिनेता माधवन बॉब का 71 साल की उम्र में निधन
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और हास्य कलाकार एस. कृष्णमूर्ति, जिन्हें उनके लोकप्रिय नाम ‘माधवन बॉब’ से भी जाना जाता था, का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे काफी समय से कैंसर से पीड़ित थे और उन्होंने 2 अगस्त को चेन्नई के अडयार स्थित अपने घर में अंतिम साँस ली। उनके निधन की खबर से पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है।
एक संगीतकार से अभिनेता बनने तक का सफर
माधवन बॉब का जन्म 19 अक्टूबर 1953 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक संगीतकार के तौर पर की थी, लेकिन बाद में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। अपने खास कॉमेडी अंदाज़ और चेहरे के भावों से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके प्रेरणास्रोत दिग्गज कॉमेडी एक्टर काका राधाकृष्णन थे।
700 से ज़्यादा फिल्मों में किया काम
साल 1984 में उन्होंने बालू महेंद्रा की फिल्म ‘नींगल केट्टवई’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘थेनाली’, ‘पम्मल के. संबंदम’ और ‘फ्रेंड्स’ जैसी 700 से भी ज़्यादा फिल्मों में यादगार भूमिकाएँ निभाईं। उन्होंने रजनीकांत, कमल हासन, अजित कुमार, सूर्या और विजय जैसे बड़े सितारों के साथ भी काम किया। उनकी कॉमेडी ने कई गंभीर फिल्मों में भी हल्का-फुल्का माहौल बनाए रखा।
अभिनय के अलावा, माधवन बॉब ने संगीत के क्षेत्र में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विक्कु विनायकरम और हरिहर शर्मा जैसे गुरुओं से संगीत की शिक्षा ली थी। वे सन टीवी के मशहूर शो ‘असथापोवथु यारु’ में जज के तौर पर भी नज़र आए थे।
Also Read: Asia Cup 2025 Venue: इस देश में खेले जाएंगे एशिया कप के मैच, जानें कहां होगा भारत-पाक मुकाबला?

