लिफ्ट देने के बहाने महिला से कार में गैंगरेप, फिर चलती गाड़ी से फेंक भाग निकले आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली से सटे फरीदाबाद में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला को कार में लिफ्ट देने के बहाने दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई, आरोपियों ने करीब दो घंटे तक महिला को कार में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर घुमाया और फिर देर रात उसे चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की अपनी मां से किसी बात पर कहा-सुनी हो गई थी। इसके बाद वह गुस्से में अपनी सहेली के घर जाने के लिए निकली थी। उसने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि वह तीन घंटे में वापस लौट आएगी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

पीड़िता की बहन ने बताया कि रात करीब 12 बजे जब महिला सवारी का इंतजार कर रही थी, तभी एक ईको वैन (Eco Van) वहां आकर रुकी। वैन में दो युवक पहले से सवार थे। उन्होंने महिला को लिफ्ट देने की पेशकश की, जिस पर उसने भरोसा कर लिया। वैन में बैठते ही आरोपी उसे गुरुग्राम रोड की ओर ले गए। चलती गाड़ी में एक आरोपी ने रेप किया, जबकि दूसरा गाड़ी चलाता रहा। रात करीब 3 बजे आरोपियों ने हैवानियत के बाद महिला को एसजीएम (SGM) नगर के पास चलती वैन से बाहर फेंक दिया।

चेहरे और सिर पर आई गंभीर चोटें

सड़क पर गिरने की वजह से महिला के सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। डॉक्टरों को उसके चेहरे पर कई टांके लगाने पड़े। घायल अवस्था में महिला ने किसी तरह अपनी बहन को फोन किया, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुँचाया गया। फरीदाबाद के सिविल अस्पताल से उसे दिल्ली एम्स (AIIMS) रेफर किया गया था, लेकिन फिलहाल उसका इलाज फरीदाबाद के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि उस ईको वैन और आरोपियों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Also Read: Gonda News: 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ दरोगा, जेल भेजने की धमकी देकर मांगी थी घूस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.