Balrampur News: खाद न मिलने से भड़के किसान, सड़क जाम कर जताया विरोध
Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में खाद की किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। हरैया सतघरवा क्षेत्र के अमवा गाँव में सैकड़ों किसानों ने गुरुवार को बरदौलिया-शिवपुर मार्ग पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया। किसान सुबह से ही सहकारी समिति के सामने यूरिया खाद के लिए लाइन में लगे थे, लेकिन जब उन्हें खाद नहीं मिली, तो उन्होंने सड़क पर बैठकर विरोध जताना शुरू कर दिया।

सचिव पर कालाबाजारी का आरोप, हटाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि समिति सचिव मुकेश कुमार खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। उनका कहना था कि लाइन में खड़े किसानों को खाद नहीं दी जा रही, जबकि बाहरी लोगों को आसानी से यूरिया मिल रहा है। किसान योगेश कुमार ने दावा किया कि उनके पास इस कालाबाजारी का वीडियो सबूत भी मौजूद है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे एक बड़ा आंदोलन करेंगे।

करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसकी सूचना मिलते ही ललिया थाना पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे। उन्होंने किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया और फिर पुलिस की निगरानी में खाद का वितरण शुरू करवाया।
इस मामले पर सहायक निबंधक अमरेश मणि ने बताया कि समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। उन्होंने सचिव पर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि जाँच में समिति का स्टॉक पूरा पाया गया है।
Also Read: Siddharthnagar News: केजी बांध पर मरम्मत कार्य से टला बड़ा हादसा, ग्रामीणों ने की प्रशासन की तारीफ

