आज़मगढ़ में एयरपोर्ट के विस्तार के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, जिला मुख्यालय पर दिया ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: एयरपोर्ट के नाम पर किसानों की जमीन छीने जाने के खिलाफ किसान एकता समिति ने गुरुवार को आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। मंदुरी क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के सैकड़ों किसानों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम एक चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
जजी मैदान से शुरू हुए प्रदर्शन में किसान “एयरपोर्ट का विस्तार नहीं होगा” और “किसानों की जमीन छीनना बंद करो” जैसे नारे लगा रहे थे। किसानों का कहना था कि एयरपोर्ट का विस्तारीकरण उनके लिए विकास नहीं, बल्कि विनाश लेकर आएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को पहले ही बता दिया गया है कि वे अपनी जमीन नहीं देंगे। किसानों ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि जब भारत सरकार के मंत्री खुद यह कह चुके हैं कि एयरपोर्ट के विस्तार का कोई प्रस्ताव नहीं है, तो फिर किस आधार पर सर्वे की बात की जा रही है?
‘खेती और आबादी उजाड़ने से कमजोर होगा देश’
किसानों ने अपने ज्ञापन में कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और खेती तथा आबादी को उजाड़कर देश को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जमीन ही उनके लिए खाद्यान्न, पशुपालन और आजीविका का एकमात्र साधन है। इस सघन आबादी वाले क्षेत्र में किसी भी तरह का जमीन अधिग्रहण हजारों ग्रामीणों को विस्थापित कर देगा।

किसानों ने अधिकारियों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया कि एयरपोर्ट के विस्तार से विकास होगा। उन्होंने मांग की कि जब तक कोई प्रस्ताव नहीं है, तब तक किसी भी तरह का सर्वे या विस्तारीकरण की योजना न बनाई जाए।
ज्ञापन देने वालों में किसान एकता समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव, अधिवक्ता प्रकाश रंजन राय, महेंद्र यादव, किसान नेता राजीव यादव, डॉ. राजेंद्र यादव और अन्य कई किसान नेता व ग्रामीण शामिल थे।
Also Read: किसानों का धरना स्थगित, नगर निगम लखनऊ के साथ जल्द होगी बैठक

