15 अगस्त से शुरू होगा FASTag का नया सालाना पास, 200 टोल क्रॉसिंग या एक साल की वैलिडिटी की सुविधा
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) 15 अगस्त 2025 से देशभर में FASTag का नया सालाना पास लॉन्च करने जा रहा है। इसका उद्देश्य टोल प्लाजा पर भीड़ और लंबी कतारों को कम करना है, ताकि यात्रियों को सुगम और बिना रुकावट यात्रा का अनुभव मिल सके। मौजूदा FASTag की तरह इसमें भी टोल का भुगतान कॉन्टैक्टलेस तरीके से होगा, लेकिन इसमें एक नया फीचर जोड़ा गया है — एक साल की वैलिडिटी या 200 टोल क्रॉसिंग, जो भी पहले पूरी हो।
एक्सप्रेसवे पर लागू होगा
यह सुविधा केवल निजी, गैर-व्यावसायिक कारों, जीप और वैन के लिए उपलब्ध होगी, जिनकी जानकारी वाहन (VAHAN) डेटाबेस में दर्ज है। सालाना पास केवल उन्हीं राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर लागू होगा, जिनका संचालन NHAI या सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) करता है।
फायदे
सालाना पास के जरिए 200 टोल क्रॉसिंग या एक साल तक यात्रा की जा सकेगी। अगर 200 टोल क्रॉसिंग पहले पूरी हो जाती है, तो पास को फिर से रिचार्ज कराना होगा। इससे बार-बार रिचार्ज करने और छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन की परेशानी खत्म होगी। पुराने FASTag को ही सालाना पास में अपग्रेड किया जा सकता है, यानी नया FASTag खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
कीमत और रिचार्ज प्रक्रिया
इस सालाना पास की कीमत 3,000 रुपये तय की गई है। भुगतान क्रेडिट कार्ड, यूपीआई या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकेगा। जब इसकी वैलिडिटी या टोल सीमा खत्म हो जाएगी, तो इसे मौजूदा FASTag की तरह रिचार्ज किया जा सकेगा।
खरीदने का तरीका
सालाना पास एक वैकल्पिक सुविधा होगी। मौजूदा FASTag उपयोगकर्ता इसे जारी रख सकते हैं, जबकि नया पास लेने के इच्छुक लोग राजमार्ग यात्रा ऐप या NHAI/MoRTH की वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान वाहन का नंबर और FASTag ID दर्ज करनी होगी। यह सुनिश्चित करना जरूरी होगा कि FASTag सक्रिय हो, सही से गाड़ी पर लगा हो और पंजीकृत वाहन से जुड़ा हो। भुगतान पूरा होने के तुरंत बाद सालाना पास सक्रिय हो जाएगा NHAI का मानना है कि यह पहल न केवल टोल प्लाजा पर जाम कम करेगी बल्कि डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा देगी, जिससे यात्रा और भी तेज़ और सुविधाजनक होगी।
Also Read: चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी समेत कई सांसद हिरासत में

