Fatehpur controversy: BJP जिलाध्यक्ष का Video वायरल, SP से कहा- ‘हिम्मत है तो गोली चलवाकर देखिए’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मकबरे को लेकर हुए बवाल के बाद एक नया विवाद सामने आया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह फोन पर एसपी से कहते नजर आ रहे हैं, “यह मुलायम सिंह की सरकार नहीं है जो गोली चलवा दोगे, अगर हिम्मत है तो गोली चलवाकर देखिएगा”। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बवाल से पहले का है।
मुखलाल पाल ने खुद ली थी तोड़फोड़ की जिम्मेदारी
दरअसल, फतेहपुर में जिस मकबरे में तोड़फोड़ हुई थी, भीड़ की अगुवाई खुद बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल कर रहे थे। हालांकि, पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में उनका नाम शामिल नहीं है। जबकि, मुखलाल ने खुद इस घटना की जिम्मेदारी ली थी और तोड़फोड़ को ‘सनातन के लोगों का जनाक्रोश’ बताया था।
अब इसी घटना से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मुखलाल एसपी से फोन पर कहते दिख रहे हैं, एसपी साहब, आपने मुझे मिलने का टाइम दिया था, लेकिन फिर भी नहीं मिले। आपको लगता होगा कि डंडे से हम लोगों को रोक लोगे। मगर ऐसा नहीं है। चुनौती दे रहा हूं, अगर दम है तो गोली चलवाकर देख लेना।
उपद्रवियों पर कार्रवाई के बाद बदले सुर
बता दें कि मुखलाल पाल ने ही हिंदू महासभा समेत कई संगठनों को बुलाकर मकबरे में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रखा था, जहां तोड़फोड़ और हंगामा हुआ था। हालांकि, उपद्रव मचाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मुखलाल पाल के सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं। अपने नए बयान में वह लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं।
गौरतलब है कि फतेहपुर के अबू नगर इलाके में एक मकबरे और मंदिर को लेकर विवाद है। हिंदू संगठन इसे भगवान शिव और श्रीकृष्ण का मंदिर बता रहे हैं, वहीं मुस्लिम पक्ष इसे नवाब अब्दुल समद का मकबरा कहता है। इस विवाद के बाद हुई तोड़फोड़ और हंगामे के बाद पुलिस ने दर्जनों लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
Also Read: Lucknow News: फतेहपुर विवाद के बाद सपा का एक्शन, पप्पू सिंह चौहान को पार्टी से किया बाहर

