Fatehpur Train Accident: फतेहपुर के खागा में दो मालगाड़ियों की टक्कर, पुल के नीचे गिरा ट्रेन का इंजन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पांभीपुर के पास दो मालगाड़ियों की टक्कर हो गई, जिससे गार्ड डिब्बा और इंजन पटरी से उतर गए। हालांकि, गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, डीएफसीसीआईएल (DFCCIL) ट्रैक पर सिग्नल न मिलने के कारण पहली मालगाड़ी पांभीपुर के पास खड़ी थी। इसी दौरान, पीछे से आ रही दूसरी मालगाड़ी उसी ट्रैक पर आकर टकरा गई। इस टक्कर के कारण अप लाइन बाधित हो गई, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ।
हादसे में मालगाड़ी के चालक और सहचालक घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रेलवे प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ट्रैक को जल्द बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रेलवे अधिकारी जांच में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। यह दुर्घटना रेलवे के व्यवसायिक कॉरिडोर पर हुई, जिससे मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि जल्द ही ट्रैक को दुरुस्त कर संचालन सामान्य कर दिया जाएगा। इस हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनकी जांच की जाएगी।
Also Read: Mahakumbh: पीएम मोदी के दौरे पर सपा ने किया हमला, रामगोपाल यादव ने दी ये नसीहत

