Amroha News : बाप बना हैवान, बेटे की हत्या के लिए दी सुपारी, प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद बना वजह

Amroha News :  उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही औलाद का कत्ल करवा दिया। वजह? बेटा शराबी था, प्रेमिका को घर लाना चाहता था और संपत्ति में अपना हक मांग रहा था। घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव की है। 23 जून को गांव के पास एक गन्ने के खेत में 25 वर्षीय दीपक का शव बरामद हुआ था। सिर में गोली लगी थी और शव के कपड़े भी उतारे गए थे, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने मामले की जांच में जो खुलासा किया, वो किसी को भी झकझोर कर रख देगा।

शराब, प्रेमिका और संपत्ति का विवाद बना खूनी कहानी की वजह

पुलिस के मुताबिक, दीपक का एक महिला से प्रेम संबंध था। वह अक्सर शराब के नशे में रहता और पिता से विवाद करता रहता। उसने संपत्ति में हिस्सा मांगा और प्रेमिका को घर लाने की जिद पर अड़ा हुआ था। यही बातें उसके पिता सतेंद्र को नागवार गुजरीं।

पिता ने खुद रची बेटे की हत्या की साजिश

पुलिस का कहना है कि सतेंद्र ने अपने बेटे को रास्ते से हटाने की ठान ली। उसने अपने एक दोस्त की मदद से दो शूटरों – जरीफ और रहीस – को सुपारी दे डाली। 22 जून की शाम पहले दीपक को शराब पिलाई गई, फिर बाइक पर बैठाकर उसे नहर किनारे ले जाया गया। वहां पहले फावड़े से वार किया गया और फिर सिर में गोली मार दी गई। पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े उतार दिए गए और शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।

पुलिस ने चार आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में पिता सतेंद्र, दोनों शूटर जरीफ और रहीस के साथ-साथ उमर नाम के एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। चारों को जेल भेज दिया गया है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर ये साबित कर दिया कि जब रिश्तों में नफरत और लालच आ जाए, तो खून का रिश्ता भी हैवानियत से अछूता नहीं रहता।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.