Auraiya News: पिता के दोस्त ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, 14 साल की किशोरी हुई गर्भवती
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक दोस्त ने ही अपने दोस्त की 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित किशोरी पांच महीने की गर्भवती हो गई।
यह घटना बिधूना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, करीब पांच महीने पहले पीड़िता खेत से घर लौट रही थी। उसी दौरान गांव के ही रहने वाले उसके पिता के दोस्त बिसंबर दयाल (उम्र करीब 70 साल) ने उसे प्रसाद खिलाने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां बुजुर्ग ने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को भी इस बारे में बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पीड़िता ने डर के कारण घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। हालांकि, जब वह पांच माह की गर्भवती हुई तो पूरा मामला सामने आ गया। इसके बाद पीड़ित किशोरी की मां ने बिधूना कोतवाली में जाकर पुलिस को पूरी घटना बताई और शिकायत दर्ज कराई।
बिधूना के क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा ने बताया, हमें सूचना मिली कि बिधूना थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 14 वर्षीय लड़की के साथ उसके ही गांव के एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने दुष्कर्म किया है। लड़की गर्भवती भी है। उसकी मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
Also Read: लखनऊ नगर निगम के अंदर भिड़े महिलाएं और अफसर, किसानों ने की FIR दर्ज करने की मांग

