पिता ने ही राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी बेटी को गोलियों से भूना, गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गुरुवार को एक राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की कथित तौर पर उनके अपने पिता ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।

घर में खाना बनाते समय मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुग्राम के सुशांत लोक स्थित एक दो मंजिला मकान में हुई। अधिकारियों ने बताया कि 25 वर्षीय राधिका जब अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित रसोईघर में खाना बना रही थीं, तभी उन्हें पीछे से गोली मारी गई। गोली लगते ही राधिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि राधिका के 49 वर्षीय पिता दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल इस जघन्य अपराध में किया गया। पुलिस के अनुसार, पिता ने अपनी बेटी पर पाँच से ज़्यादा गोलियाँ चलाईं, जिनमें से तीन उसे लगीं।

टेनिस अकादमी चलाने को लेकर था विवाद

हालांकि, पिता द्वारा बेटी की हत्या किए जाने के पीछे की सटीक मंशा अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सूत्रों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव कथित तौर पर अपनी बेटी के टेनिस अकादमी चलाने से नाराज़ था। बताया जा रहा है कि लोग उस पर यह कहकर फब्तियाँ कसते थे कि वह अपनी बेटी की कमाई पर गुज़ारा कर रहा है, जिससे वह लगातार परेशान था। इसी बात को लेकर वह राधिका पर अकादमी बंद करने का दबाव बना रहा था।

पुलिस को एक फोन कॉल से घटना की सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि गोली लगने से घायल एक महिला को अस्पताल में मृत लाया गया है। इसके बाद पुलिस राधिका के घर पहुंची, जहां पता चला कि वह एक टेनिस अकादमी चलाती थी और उसके पिता ने ही उसे गोली मारी थी।

भाई ने दर्ज कराई शिकायत

शिकायत आरोपी दीपक यादव के भाई ने दर्ज कराई है, जो उसी मकान के भूतल पर रहते हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपी पिता ने अपनी बेटी की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय राधिका की मां भूतल पर थीं। हरियाणा के लिए टेनिस खेलने वाली राधिका पहली मंजिल पर स्थित रसोईघर में थीं, जब उन पर हमला हुआ। पुलिस की एक टीम घर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। गुरुग्राम सेक्टर 56 पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया, हम परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं। जांच चल रही है और जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी।

Also Read: बिहार में रेत खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या, घर के बाहर वारदात से हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.