सिद्धार्थनगर पहुंचे FCI बंगाल के जीएम हेमंत जैन, जनकल्याण योजनाओं का लिया ज़मीनी जायजा

Sandesh Wahak Digital Desk: शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता है। यह बात भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), पश्चिम बंगाल के महाप्रबंधक हेमंत जैन ने बुधवार को अपने सिद्धार्थनगर दौरे के दौरान कही। वे सिद्धार्थनगर जिले में दो दिवसीय दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने जन वितरण प्रणाली, एफसीआई गोदामों, क्रय केंद्रों और सीपीग्राम/पीजी पोर्टल पर आई शिकायतों की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया।

जनता से सीधे संवाद, योजनाओं की हकीकत परखी

हेमंत जैन ने बताया कि भारत सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पहुंचे। इसी उद्देश्य से वे सिद्धार्थनगर आए हैं, जहां उन्होंने पहले दिन उचित दर की दुकानों, एफसीआई गोदामों और विपणन विभाग के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।

बर्डपुर विकासखंड के ग्राम भगवानपुर में स्थित उचित दर की दुकान पर निरीक्षण के दौरान जैन ने कार्डधारकों से सीधे बातचीत की और उनसे यह जानने की कोशिश की कि उन्हें खाद्यान्न समय पर और सही मात्रा में मिल रहा है या नहीं।

शिकायतों का भी किया स्थलीय सत्यापन

उन्होंने बताया कि दौरे का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य सीपीग्राम/पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की सच्चाई का स्थलीय सत्यापन करना है। उन्होंने संबंधित लाभार्थियों से मुलाकात कर पूछा कि उनके मामले का निपटारा नियमों के मुताबिक हुआ या नहीं। जैन ने जिले में स्थित एफसीआई के गोदामों और बर्डपुर क्षेत्र में मौजूद विपणन विभाग के क्रय केंद्रों का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने भंडारण की स्थिति, अनाज की गुणवत्ता और वितरण प्रक्रिया का मूल्यांकन किया।

दौरे में अधिकारियों की मौजूदगी

इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार प्रसाद, विपणन अधिकारी दीपक शुक्ला, एफसीआई वाणिज्य प्रबंधक मुकेश कुमार, एफसीआई बर्डपुर के प्रबंधक अजय कुमार, और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दो दिवसीय दौरा 16-17 जुलाई तक जारी रहेगा

हेमंत जैन ने बताया कि उनका यह दौरा 16 और 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान वे जिले में संचालित जनकल्याण योजनाओं की जमीनी पड़ताल करेंगे और अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपेंगे।

Also Read: Siddharthnagar News: दवा कारोबारी दंपती की खून से सनी मिली लाशें, सुसाइड नोट बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.