Raebareli News: SIR ड्यूटी कर रहे महिला BLO और लेखपाल से मारपीट, ग्राम प्रधान सहित दो गिरफ्तार
Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के पाल्हीपुर गाँव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य कर रहे सरकारी कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया गया है।
गाँव के ग्राम प्रधान दीपक यादव और उसके साथी नोखई पर एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) आरती यादव और एक लेखपाल अविनाश भारती को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, उन पर सरकारी प्रपत्र फाड़ने और तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
जानकारी के अनुसार, महिला बीएलओ आरती यादव और लेखपाल अविनाश भारती जब पाल्हीपुर गाँव में SIR का कार्य कर रहे थे, तभी ग्राम प्रधान दीपक यादव अपने साथी के साथ मौके पर पहुँचा और कार्य में बाधा डालने लगा। जब बीएलओ ने प्रधान को समझाने की कोशिश की, तो प्रधान ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। लेखपाल अविनाश भारती के बीच-बचाव करने पर प्रधान और भड़क गया। उसने जनगणना प्रपत्र फाड़ दिया और गाली-गलौज करने लगा। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद दोनों सरकारी कर्मी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
उपजिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई
पीड़ित सरकारी कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी सलोन चन्द्र प्रकाश को दी। उपजिलाधिकारी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल राघवन कुमार सिंह को मामले की तुरंत जाँच करने और आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
क्षेत्राधिकारी सलोन यादवेंद्र बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों (ग्राम प्रधान और उसके साथी) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में जो भी लोग शामिल थे, उनकी जाँच की जा रही है।
Also Read: नाम, भेष और धर्म बदला! 36 साल पहले के मर्डर केस का वांछित ड्राइवर मुरादाबाद से अरेस्ट

