Lucknow News: ज्वेलरी स्टोर से महिला कर्मचारी करोड़ों का सोना लेकर फरार, गोमतीनगर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी स्टोर में करोड़ों की चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि स्टोर की ही एक महिला कर्मचारी लगभग ढाई किलो सोना और करोड़ों रुपये के गहने चुराकर फरार हो गई है। यह मामला गोमतीनगर थाना क्षेत्र में मेसर्स हरसहाय मल श्यामलाल ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर का है। कंपनी ने बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत कोमल श्रीवास्तव पर चोरी का आरोप लगाया है।
धनतेरस से पहले स्टॉक चेक में खुली पोल
कंपनी के स्टोर मैनेजर धीरज ने बताया कि यह चोरी तब सामने आई जब धनतेरस से ठीक एक दिन पहले कंपनी ने स्टॉक चेक किया। जाँच में पता चला कि ग्राहकों से बायबैक (वापस खरीदे) के माध्यम से लिए गए कुछ आभूषण गायब हैं।
स्टोर मैनेजर के अनुसार, कोमल श्रीवास्तव पिछले चार साल से बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव थी और आभूषणों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी उसी की थी। सीसीटीवी फुटेज और आंतरिक जाँच में यह साफ हो गया कि 15 और 16 अक्टूबर को उसने चालाकी से आभूषण अपने कपड़ों में छुपाकर चोरी किए।
पति की मदद से संपत्ति खरीदने का किया खुलासा
19 अक्टूबर को जब प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों ने कोमल से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। कोमल ने बताया कि उसने चोरी किए गए सोने और गहनों को अपने पति रितेश श्रीवास्तव की मदद से बेच दिया और उस पैसे से प्रॉपर्टी खरीदी तथा कार का लोन चुका दिया।
कोमल ने कंपनी से वादा किया था कि वह 23 अक्टूबर तक चुराई गई संपत्ति वापस कर देगी, लेकिन निर्धारित तारीख तक न तो कोमल और न ही उसके पति ने संपत्ति वापस की और न ही कंपनी से संपर्क किया। इसके बाद प्रबंधक धीरज ढल ने गोमतीनगर थाने में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

