Siddharthnagar News: भारत-नेपाल बॉर्डर पर खाद की तस्करी नाकाम, SSB और पुलिस ने 30 बोरी यूरिया बरामद की
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस, नायब तहसीलदार और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी को रोकने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने मोहाना थाना क्षेत्र के पतीला गाँव से 30 बोरी यूरिया खाद बरामद की है, जिसे अवैध रूप से छिपा कर रखा गया था।
घर में छिपाकर रखी गई थी खाद
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ज़िलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे तस्करी विरोधी अभियान का हिस्सा है। थानाध्यक्ष मोहाना रोहित कुमार उपाध्याय और नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पतीला गाँव के रहने वाले धर्मराज के घर में भारी मात्रा में यूरिया खाद अवैध तरीके से रखी गई है। सूचना के आधार पर, संयुक्त टीम ने धर्मराज के घर पर छापा मारा और 30 बोरी यूरिया खाद बरामद की।
आरोपियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
फिलहाल, बरामद की गई खाद को ज़िला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल को सौंप दिया गया है, जो आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। इस कार्रवाई में एसएसबी ककरहवा के एसी कैलाश दान और मोहाना पुलिस के उप निरीक्षक वीरेंद्र यादव समेत कई अधिकारी शामिल थे।
Also Read: साइबर फ्रॉड का बड़ा खुलासा: IRDAI और RBI के अधिकारी बनकर ठगी करने वाले 2 लोग गिरफ्तार

