बाराबंकी में खाद की कालाबाजारी, एक ही परिवार को बेची गई 80 से ज्यादा बोरी यूरिया, FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बेहड़ा गाँव में स्थित रामू खाद भंडार के संचालक पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि उसने किसानों को उनकी जरूरत और जमीन की सीमा से कहीं ज्यादा खाद बेचकर कालाबाजारी की।

जिला कृषि अधिकारी राजित राम की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में बताया गया है कि खाद विक्रेता श्रीराम विजय ने दो परिवारों को भारी मात्रा में यूरिया बेची। एक परिवार की विमला देवी और देशराज को कुल 85 बोरी यूरिया दी गई। दूसरे परिवार के ननकी और श्यामू कुमार को 88 बोरी यूरिया बेची गई। जांच में पाया गया कि इन किसानों के पास उतनी जमीन ही नहीं थी, जिसके लिए इतनी मात्रा में खाद की जरूरत हो। इससे साफ हो गया कि यह खाद का दुरुपयोग और कालाबाजारी का मामला है।

लाइसेंस निलंबित, दुकानदार पर मुकदमा

इस गड़बड़ी का पता चलने के बाद 6 अगस्त को ही दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद, 8 अगस्त को मौके पर जाकर जाँच की गई, जिसमें गवाहों के बयान और जमीन के कागजात खंगाले गए। थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि आरोपी श्रीराम विजय के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जाँच उपनिरीक्षक अरुण सिंह कर रहे हैं।

Also Read: Hathras News: 25 करोड़ के छात्रवृत्ति घोटाले में पूर्व प्रिंसिपल व प्रबंधक गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.