Lucknow News: फर्जी डिग्री से असली वेतन ले रहे थे 22 शिक्षक, FIR और वेतन वसूली का आदेश
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में फर्जी डिग्री के सहारे सरकारी नौकरी पाने वाले 22 शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। ये शिक्षक पिछले कई सालों से प्रदेश के 10 जिलों में सहायक अध्यापक के पद पर काम कर रहे थे। जांच में पता चला कि इनके सभी शैक्षणिक और नियुक्ति दस्तावेज फर्जी थे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग को इन शिक्षकों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विभाग ने इनके दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। जांच पूरी होने पर पाया गया कि इन लोगों ने जाली प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल कर नौकरी हासिल की थी। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने तुरंत इनकी नौकरी रद्द करने का आदेश दे दिया। ये फर्जी शिक्षक लखनऊ, बाराबंकी, मऊ, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, बुलंदशहर, सहारनपुर, कानपुर देहात और मिर्जापुर जैसे जिलों में तैनात थे।
विभाग ने सिर्फ नौकरी रद्द नहीं की है, बल्कि इन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का भी आदेश दिया है। अब इन सभी 22 शिक्षकों से अब तक लिया गया पूरा वेतन वापस वसूला जाएगा और इनके खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क कर दिया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में तैनात शिक्षकों के दस्तावेजों की दोबारा जांच करें। विभाग का कहना है कि ऐसे लोग न सिर्फ सरकार को धोखा देते हैं, बल्कि मेहनती और योग्य उम्मीदवारों का हक भी छीनते हैं।
Also Read: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष को लगाई फटकार, बोले– “जनता सब देख रही है”

