Kanpur News: बिना अनुमति ‘PDA पाठशाला’ चलाने पर सपा नेत्री पर एफआईआर, शिक्षा विभाग ने लगाए गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी की नेत्री और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रचना सिंह गौतम के खिलाफ शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी रवि कुमार सिंह की तहरीर पर की गई है। रचना सिंह पर आरोप है कि उन्होंने कानपुर के बिल्हौर तहसील स्थित शाहमपुर गढ़ी गांव में एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के बाहर “PDA पाठशाला” नाम से कक्षाएं चलाईं, जिसकी न तो कोई अनुमति थी और न ही कोई वैधानिक आधार।

शिकायत में कहा गया है कि रचना सिंह बच्चों को सपा के नाम पर एकत्र कर रही थीं और स्कूल बंद होने की झूठी सूचना फैला रहीं थीं, जिससे क्षेत्र में भ्रम की स्थिति बन गई। यह भी आरोप है कि उन्होंने बच्चों को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बनाया, जो न केवल शिक्षा अधिनियम (RTE) का उल्लंघन है, बल्कि बाल अधिकारों का भी हनन माना जा रहा है।

पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट और अफवाह फैलाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में फोटो और वीडियो साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और जांच जारी है। उधर, रचना सिंह ने अपने बचाव में कहा, “सरकार खुद स्कूल बंद करवा रही है। हम बच्चों को पढ़ा रहे हैं और हम पर ही कार्रवाई की जा रही है। यह लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश है, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।”

गौरतलब है कि यूपी सरकार ने 16 जून को राज्यभर के 10,827 प्राइमरी स्कूलों का विलय किया था, जिसका समाजवादी पार्टी विरोध कर रही है। जिससे यह मामला राजनीतिक तौर पर और गर्म हो गया है।

 

Also Read: Lucknow News: परिवहन विभाग सख्त, चार ड्राइविंग स्कूलों पर जांच के आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.