Chandauli News: अधिकारियों को वीडियो में चप्पल दिखाने लगे सपा नेता, राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू पर FIR दर्ज
Chandauli News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू एक बार फिर विवादों में हैं। यहां चंदौली पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, धमकी देने और सोशल मीडिया पर अपमानजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। यह मामला कंदवा थाने में अवर अभियंता (जेई) लघु डाल सूर्याकांत सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
शिकायत पर निरीक्षण को पहुंचे थे सपा नेता
दरअसल नवरात्रि के दौरान पूर्व विधायक चारी पंप कैनाल के निरीक्षण पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने स्थानीय किसानों की पानी से जुड़ी समस्याओं को सुना। किसानों ने बताया कि पंप काफी समय से बंद है, जिससे सिंचाई का काम ठप हो गया है। इस पर पूर्व विधायक ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों व भाजपा जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

सोशल मीडिया पर डाला विवादित वीडियो
वहीं मनोज सिंह ने निरीक्षण के दौरान का ही एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। जिसमें वह एक्सईएन और अन्य अधिकारियों की ओर चप्पल दिखाते हुए धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनका कहना था, तीन दिन के बाद अगर पंप चालू नहीं हुआ तो एहसे (चप्पल दिखाते हुए) बात होई साहब। त्योहार का टाइम है। शुभ दशहरा। जिसके बाद ये विडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। यहां कंदवा पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं सीओ सदर ने पुष्टि की है कि वीडियो के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
Also Read: रूस-भारत व्यापार को लेकर रस्साकशी तेज, अमेरिका ने कर दिया ये बड़ा दावा

