एक्ट्रेस रुचि गुर्जर पर प्रीमियर शो में हंगामा और धोखाधड़ी के आरोप में FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: फिल्म निर्माता करण सिंह चौहान पर 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाली एक्ट्रेस रुचि गुर्जर की मुश्किलें अब बढ़ती दिख रही हैं। मुंबई के अम्बोली पुलिस स्टेशन में एक्ट्रेस रुचि गुर्जर और उनके साथ 6 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत फिल्म ‘सो लॉन्ग वैली’ के निर्माता मान लाल सिंह ने दर्ज कराई है।

मुंबई पुलिस ने रुचि गुर्जर और अन्य 6 लोगों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 115(2), 118(1), 189(1), 189(2), 190, 191(1), 329(3), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। रुचि गुर्जर पर आरोप है कि 25 जुलाई को अंधेरी वेस्ट स्थित सिनेपोलिस सिनेमा में फिल्म ‘सो लॉन्ग वैली’ के प्रीमियर शो के दौरान वह अपने प्राइवेट सुरक्षा गार्डों और चार अन्य महिलाओं के साथ बिना अनुमति के सिनेमाघर में घुस गईं। वहाँ उन्होंने जमकर हंगामा किया, गाली-गलौज की और फिल्म के प्रदर्शन में बाधा डालने की कोशिश की।

शिकायतकर्ता मान लाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी फिल्म ‘सो लॉन्ग वैली’ का निर्माण 2023 से चल रहा था और 25 जुलाई को ही इसकी आधिकारिक रिलीज होनी थी। प्रीमियर शो से ठीक पहले, रात करीब 8:40 बजे, रुचि गुर्जर और उनके साथ आए लोग बिना किसी निमंत्रण या अनुमति के सिनेमा हॉल में घुस गए। उन्होंने वहाँ मौजूद लोगों के सामने ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाते हुए कहा कि वह फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने देंगी।

उन्होंने निर्माता मान लाल सिंह को अपशब्द कहे और अपने बकाया पैसों की मांग करते हुए उन्हें धमकियाँ भी दीं। जब वहाँ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो रुचि के बॉडीगार्ड्स ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इतना ही नहीं, खुद एक्ट्रेस रुचि गुर्जर ने चप्पल निकालकर मान लाल सिंह पर हमला करने की कोशिश की और उन पर एक प्लास्टिक की बोतल भी फेंकी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.