पीएम मोदी को अपशब्द बोलना पड़ा भारी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत 30 पर FIR दर्ज
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महोबा कोतवाली पुलिस ने अजय राय और कांग्रेस के निवर्तमान सचिव बृजराज अहिरवार समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई भाजपा नेता और एडवोकेट नीरज रावत की शिकायत पर की गई है।
शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा नेता नीरज रावत का आरोप है कि महोबा के समद नगर में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में अजय राय अपने भारी-भरकम काफिले के साथ पहुंचे थे, जिससे आम जनता को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिकायत पत्र के मुताबिक, सड़क पर जाम की स्थिति और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारियों को भी वहां पहुंचना पड़ा। आरोप है कि इसी दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस वीडियो से समाज में आक्रोश फैला है और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक IAS और 19 PCS अफसरों के तबादले

