Moradabad News: सपा सांसद इकरा हसन पर अभद्र टिप्पणी करने वाले योगेंद्र राणा पर FIR दर्ज
Moradabad News: समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के बारे में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर योगेंद्र राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह कार्रवाई मुरादाबाद की एक महिला सुनीता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है।
क्या है पूरा मामला
रविवार को मुरादाबाद के मझोला में रहने वाली सुनीता नाम की महिला ने कटघर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 79 / 356 (2) / 67 के तहत मामला दर्ज किया है। अपनी शिकायत में सुनीता ने कहा कि आरोपी योगेंद्र राणा ने सांसद इकरा हसन के विरुद्ध अत्यंत अभद्र, अशोभनीय, निजी और लज्जाजनक भाषा का इस्तेमाल किया है।
महिला ने इस आचरण को नैतिक रूप से निंदनीय बताया और कहा कि इस पोस्ट से सार्वजनिक रूप से एक महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुँची है। उन्होंने योगेंद्र राणा के सोशल मीडिया अकाउंट को भी ब्लॉक करने की मांग की और सख्त कार्रवाई की अपील की, ताकि भविष्य में कोई भी किसी जनप्रतिनिधि, ख़ासतौर पर महिला सांसद के प्रति ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने से बचे।
करणी सेना नेता की विवादास्पद टिप्पणी
दरअसल, करणी सेना के नेता ठाकुर योगेंद्र राणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर सपा सांसद इकरा हसन से निकाह करने की बात कही थी। वीडियो में वह कह रहा है कि मैं कैराना सांसद इकरा हसन से निकाह क़बूल करता हूं। वो मुस्लिम धर्म में रहे, मेरे घर में नमाज़ पढ़े मुझे कोई ऐतराज़ नहीं। राणा ने अपनी बात में एक शर्त भी जोड़ी थी, जिसमें उसने कहा कि AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी उसे ‘जीजा’ कहकर बुलाएँ। उसने यह भी कहा था कि मैं तिलक लगाऊंगा क्योंकि हमें यहीं रहना है और हिंदू-मुस्लिम भाईचारा ज़रूरी है। उसके इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल देखने को मिल रहा है।
मुस्लिम समाज में तीखी प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर मुस्लिम समाज की ओर से तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सपा के पूर्व सांसद एसटी हसन ने इसे पूरे मुस्लिम समाज और संसद का अपमान बताया है। वहीं, दूसरी तरफ, मामला दर्ज होने के बाद करणी सेना का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बताने वाला ठाकुर योगेंद्र राणा ने अपना मोबाइल फ़ोन बंद कर दिया है और वह लापता हो गया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश जारी है।
Also Read: UP STF को मिली बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी ठग मनोज भारती गिरफ्तार

