Gorakhpur News: वाटर वेज रेस्टोरेंट में लगी आग, दम घुटने से हाउसकीपिंग कर्मचारी की मौत
Gorakhpur News: गोरखपुर के तारामंडल इलाके में नौका विहार के पास स्थित बौद्ध संग्रहालय के सामने बने वाटर वेज रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट में आज रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं।
सीएफओ गोरखपुर संतोष कुमार राय ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह 5:16 बजे मिली, जिसके बाद फायर स्टेशन गोलघर की टीम चार फायर टेंडरों के साथ घटनास्थल पर पहुँची। यह भवन तीन मंजिला था, जिसमें आग तेजी से फैल गई थी।
भवन के भूतल पर दुकानें थीं, जबकि प्रथम तल पर रेस्टोरेंट, दूसरे तल पर कमरे और तीसरे तल पर बैंक्वेट हॉल था। प्रारंभिक जाँच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग की शुरुआत पहली मंजिल स्थित रेस्टोरेंट से हुई और देखते ही देखते इसने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की चार गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत-बचाव अभियान के दौरान, प्रथम तल के वॉशरूम में ‘पुरुषोत्तम’ नामक एक हाउसकीपिंग कर्मचारी अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस द्वारा उसे तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई होगी।
Also Read: ट्रक और टेम्पो की टक्कर में 5 की मौत, 7 बच्चों समेत 12 घायल

