दिल्ली के रिठाला की केमिकल फैक्टरी में लगी आग, चार की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके रिठाला में मंगलवार शाम एक केमिकल फैक्टरी में भीषण आग लगने से चार लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दमकल विभाग ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कीं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि यह घटना रोहिणी सेक्टर-5 स्थित एक फैक्टरी में हुई। उन्हें शाम करीब 7:25 बजे सूचना मिली कि रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास एक फैक्टरी में आग भड़क उठी है। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने 16 गाड़ियां मौके पर भेजीं।
चार शव बरामद, राहत कार्य जारी
अब तक पुलिस ने चार लोगों के शव बरामद किए हैं। आग की चपेट में आए अन्य लोगों की तलाश और राहत कार्य लगातार जारी है। अधिकारी हर एंगल से जांच कर रहे हैं कि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं। जानकारी के मुताबिक, फैक्टरी में रसायन होने के कारण आग तेजी से फैली और दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के दौरान कई धमाके भी सुने गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और दमकल विभाग इस घटना की संयुक्त जांच कर रहे हैं। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी रासायनिक प्रतिक्रिया को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही असली कारण सामने आएगा।
Also Read: शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उड़ान के लिए तैयार एक्सिओम-4 मिशन, आज दोपहर होगी लॉन्चिंग

