सीवान में पटाखों के धमाकों से दहला गांव, 7 लोगों की मौत, मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
Siwan Firecracker Blast: बिहार (Bihar) के सीवान जिले में शुक्रवार शाम पटाखे बनाते समय हुए भीषण विस्फोट ने पूरे गांव को दहला दिया। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शाम करीब 5:30 बजे पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन के घर में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाके होने लगे। इस हादसे में सात लोगों की मौत की खबर है। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं।
मृतकों में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी तीन पोतियां, एक पोता और दो मजदूर बताए जा रहे हैं। हालांकि, सीवान के डीएम विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि घटनास्थल से अभी दो से तीन शव ही बरामद हुए हैं। अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल घर के भीतर तलाशी ले रहा है। पूरी जांच के बाद ही मृतकों की संख्या और पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
धमाके से मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि धमाका कहां हुआ है। बाद में पता चला कि पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन के घर में विस्फोट हुआ है।
बताया जा रहा है कि घर में रोजाना की तरह पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान आग लग गई और पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। विस्फोट इतना तेज था कि मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
कारोबारी की बहू ने बचाई जान, जांच में जुटी पुलिस
हादसे (Siwan Firecracker Blast) के दौरान आग लगने की जानकारी मिलते ही अमीरुद्दीन की बहू किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही और उसकी जान बच गई। धमाकों के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर के भीतर रखे पटाखों में रह-रहकर विस्फोट होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग कैसे लगी और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।
Also Read: जामिया मिलिया इस्लामिया की दीवारों पर लिखे गए विवादित नारे, ABVP ने जताया कड़ा विरोध

