अमेरिका के रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग, नाव से आए हमलावरों ने तीन को उतारा मौत के घाट

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना में एक रेस्टोरेंट के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच तेज़ कर दी है।

सिटी मैनेजर नोआ साल्डो ने घटना की पुष्टि करते हुए एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यह हमला तब हुआ जब एक नाव रेस्टोरेंट के पास आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने भीड़ पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी करने के बाद हमलावर नाव से तेज़ी से घटनास्थल से निकल गए।

पुलिस के अनुसार, इस हमले में कम से कम सात लोगों को गोली लगी, जिनमें से तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया है। साल्डो ने कहा, कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। संभव है कि घायलों की संख्या में अभी बदलाव आ सकता है।

ब्रंसविक काउंटी में हाई अलर्ट

ब्रंसविक काउंटी शेरिफ कार्यालय ने पुष्टि की है कि वे साउथपोर्ट पुलिस विभाग की सहायता कर रहे हैं। अमेरिकन फिश कंपनी के पास घटी इस घटना की जांच जारी है और अधिकारी संदिग्धों की तलाश में जुटे हुए हैं।

नगर प्रशासन ने निवासियों से अपील की है कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें और घर के अंदर सुरक्षित रहें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत 911 पर सूचना देने का आग्रह किया गया है। अधिकारियों ने सभी प्रभावित लोगों और प्रथम प्रतिक्रियाकर्ताओं के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

Also Read: Varanasi News: हिंदी साहित्य भारती द्वारा काशी प्रांत की नई कार्यकारिणी घोषित, कवि गोष्ठी का हुआ आयोजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.