दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग, पिता बोले- बेटी की पोस्ट को गलत तरीके से पेश किया गया
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर शनिवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सुबह करीब 3 बजे हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। दो अज्ञात हमलावर बाइक पर आए और कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
दिशा के पिता जगदीश पाटनी, जो खुद पुलिस और सेना बैकग्राउंड से हैं, ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। एसएसपी और एडीजी समेत कई टीमें मामले की जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा, यह घटना सुबह तड़के हुई। हमारी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही हमलावरों का पता चल जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भी दी सफाई
जगदीश पाटनी ने अपनी दूसरी बेटी खुशबू पाटनी की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चल रहे विवाद पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। कुछ समय पहले खुशबू के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें साधु-संतों और धर्म के खिलाफ कथित तौर पर टिप्पणी की गई थी। इस पर उन्होंने कहा, हम सनातनी हिंदू हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। अगर किसी ने खुशबू की पोस्ट को एडिट करके गलत तरीके से पेश किया है, तो यह सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल है।
Also Read: हॉट एयर बैलून में आग, सीएम मोहन यादव बाल-बाल बचे

