मेरठ के सरधना में ताजिया जुलूस के दौरान फायरिंग, जिम्मेदार को लगी गोली, आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ जिले के सरधना के ऊंचापुर मोहल्ले में मुहर्रम के ताजिया जुलूस की तैयारियों के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जुलूस के जिम्मेदार 50 वर्षीय कादिर बेग को एक युवक ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल फैल गया और जुलूस को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब दो बजे ताजिये उठाने की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला शुऐब उर्फ टिड्डी शराब के नशे में वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। जब कादिर बेग ने इसका विरोध किया तो शुऐब ने ताजिया तोड़ने और गोली मारने की धमकी दी। स्थिति को भांपते हुए कादिर वहां से अपने घर लौट गए।
कुछ देर बाद शुऐब अपने साथियों के साथ कादिर के घर पहुंचा और एलानिया तौर पर गोली चला दी। गोली कादिर के बाएं कंधे में लगी। परिजन उन्हें तत्काल सरधना के सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेरठ के जसवंत राय अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। लगभग साढ़े नौ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शुऐब को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की गोली शुऐब के पैर में लगी, जिसके बाद उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जुलूस पर पड़ा असर, सुरक्षा को लेकर नाराज़गी
कादिर पर हमले की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मुहर्रम के मौके पर दोपहर 2 बजे निकलने वाला ताजिया जुलूस समय पर नहीं उठ पाया। ऊंचापुर, सराय अफगानान और आजादनगर के जिम्मेदार लोगों ने सुरक्षा न मिलने का हवाला देते हुए जुलूस रोकने का फैसला लिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पहले से कार्यक्रम की जानकारी थी, इसके बावजूद सुरक्षा के कोई खास इंतजाम नहीं किए गए। नाराज़ लोगों ने एसएसपी और एसपी देहात को फोन कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। बात उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय जिम्मेदारों से बातचीत की। उन्होंने जुलूस के दौरान पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया। इसके बाद शाम करीब 5 बजे, यानी तय समय से तीन घंटे की देरी से, ताजिये उठाए गए और जुलूस शांतिपूर्वक निकाला गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद कादिर बेग के चचेरे भाई गुलजार की तहरीर पर शुऐब और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इलाके में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस सतर्कता बरत रही है।

