बिहार के VVIP एरिया में दिनदहाड़े फायरिंग, बदमाशों ने व्यापारी को बनाया निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के सबसे सुरक्षित और पॉश माने जाने वाले पोलो रोड इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो बाइक सवार अपराधियों ने एक स्थानीय व्यापारी राहुल पर सरेआम गोली चला दी। राहत की बात यह रही कि गोली राहुल को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल जरूर खोल दी।
मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट जज के घर के पास चली गोली
घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। राहुल नामक युवक पैदल ड्यूटी पर जा रहा था, तभी दो बदमाश बाइक पर आए और उस पर हमला कर दिया। हमला सिर्फ गोली चलाकर नहीं किया गया, बल्कि उसके पास से मोबाइल और करीब 400 रुपये भी लूट लिए गए। इस पूरे घटनाक्रम ने इसलिए और भी ज्यादा चिंता बढ़ा दी है क्योंकि जहां यह वारदात हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर मुख्यमंत्री आवास, उपमुख्यमंत्री का घर, विपक्ष के नेता, राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री और यहां तक कि हाईकोर्ट के जज का बंगला भी है। फिर भी अपराधी बेधड़क आए, गोली चलाई और भाग निकले।
राहुल की मां की आंखों देखा हाल
राहुल की मां आशा देवी ने बताया, राहुल रोज की तरह ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में बाइक से दो लोग आए और उसे रोककर उसके सिर पर पिस्टल तान दी। उन्होंने उसका फोन और पैसे लूटे और फिर गोली चला दी। लेकिन मेरे बेटे ने साहस दिखाया, पिस्टल पर हाथ मार दिया और निशाना चूक गया। अगर पल भर की देर होती, तो मेरी गोद उजड़ जाती।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। थानेदार ने बताया कि इलाके की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और वायरलेस पर अलर्ट भी भेजा गया है। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है।
Also Read: UP News: त्योहारों और चुनावों से पहले अलर्ट पर बरेली पुलिस, कानून-व्यवस्था पर हुई व्यापक चर्चा

