काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में चली गोली, PAC जवान की कार्बाइन से 3 श्रद्धालु घायल

Varanasi News: वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक PAC जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। घटना में मंदिर परिसर के बाहर मौजूद तीन लोग घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत इलाके को खाली कराते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब सात बजे नंदू फेरी गेट के पास हुई। यहां 48वीं वाहिनी PAC का जवान अमरनाथ चौहान ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान उसकी कार्बाइन से कथित तौर पर एक्सीडेंटल फायर हो गया। गोली पास की माला-फूल की दुकान पर काम कर रहे तीन लोगों को जा लगी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

घायलों की पहचान रामबाबू गौड़, विकास यादव और निखिल गुप्ता के रूप में हुई है। विकास यादव के हाथ और कमर में, रामबाबू गौड़ के पेट और हाथ में तथा निखिल गुप्ता के हाथ में गोली लगी है। तीनों विश्वनाथ मंदिर के पास स्थित एक माला-फूल की दुकान पर काम करते हैं।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना का 57 सेकेंड का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में PAC जवान सड़क किनारे खड़ा दिखाई देता है। कुछ श्रद्धालु और ग्राहक पास की दुकान पर मौजूद हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि जवान पहले कार्बाइन को बाएं हाथ में पकड़े रहता है और कुछ ही सेकेंड बाद उसे दाहिने हाथ में लेता है। इसी दौरान अचानक गोली चल जाती है।

गोली चलने के बाद जवान कुछ पल के लिए खुद भी हड़बड़ा जाता है और अपनी कार्बाइन को देखने लगता है। वहीं आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है और श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगते हैं।

डीआईजी बोले- एक्सीडेंटल फायर की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआईजी शिव हरि मीणा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के पास श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के दौरान PAC जवान की कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर हुआ।

डीआईजी ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें आवश्यक इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार्बाइन से गोली किन परिस्थितियों में चली।

Also Read: Ram Mandir: रोज हो रही थी 6-8 लाख की हेराफेरी! हर दिन एक तिहाई दान की चोरी की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.