Firozabad News: दो करोड़ की लूट का मास्टरमाइंड पुलिस मुठभेड़ में ढेर, बाल-बाल बचे SP अनुज चौधरी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में 30 सितंबर को हुई 2 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट के मास्टरमाइंड नरेश को रविवार रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। नरेश दिन में पुलिस अभिरक्षा से भाग गया था, जिसे मक्खनपुर क्षेत्र में बाईपास स्थित होटल डीएमआर के पास रात 8 बजे हुई मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।
इस दौरान हुई फायरिंग में थाना रामगढ़ के इंस्पेक्टर संजीव दुबे के दाहिने हाथ में गोली लगी है, जबकि एसपी देहात अनुज चौधरी बाल-बाल बच गए। अनुज चौधरी की बुलेट प्रूफ जैकेट में नरेश की ओर से चलाई गई गोली लगी, लेकिन जैकेट भेद नहीं पाई। डीआईजी आगरा शैलेश पांडेय ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम दिया है।
फरारी की पूरी कहानी
लूट का मास्टरमाइंड नरेश अपने ही गैंग के सदस्यों के साथ धोखा कर रहा था। 30 सितंबर को लूट के दौरान, गिरोह ने कार के गोपनीय हिस्से से करीब सवा करोड़ रुपये लूटे थे। हालांकि, नरेश को कार चालक दानजी पटेल से पूछताछ में पता चला कि कार के दूसरे गोपनीय हिस्से में लगभग पौने एक करोड़ रुपये और रखे थे, जिसे वह अकेले ले गया और अपने साथियों को नहीं बताया। शनिवार देर रात पुलिस की पूछताछ में नरेश ने यह बात कबूली। पुलिस उसे रात में अलीगढ़ के खैर ले गई, जहाँ से 20 लाख रुपये बरामद किए गए।
सोची-समझी साजिश और फरारी
सोमवार सुबह पुलिस उसे लूट की रकम छिपाने के दावे पर मक्खनपुर के गांव घुनपई के समीप ले जा रही थी। नरेश ने सुबह से ही पेट खराब होने का बहाना बनाना शुरू कर दिया था। झाड़ियों में शौच के बहाने जाने के बाद वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस की लापरवाही की जांच सीओ शिकोहाबाद प्रवीण कुमार तिवारी कर रहे हैं।
लूट कांड और गिरफ्तारी
30 सितंबर की सुबह कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर गुजरात की जीके कंपनी के कर्मचारी 2 करोड़ रुपये लेकर कानपुर से आगरा जा रहे थे, जब नरेश के गिरोह ने उन्हें मक्खनपुर में घेर लिया और नकदी लूट ली।
एसएसपी सौरभ दीक्षित की अगुवाई में लगी छह पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से शनिवार शाम को मास्टरमाइंड नरेश सहित छह बदमाशों को पायनियर पुल के पास से गिरफ्तार किया था। उनके पास से 1.05 करोड़ रुपये, एक नया आईफोन और बाइक खरीद की रसीद बरामद हुई थी।

