Firozabad News: चार दिन से लापता युवक की सिर कटी लाश ट्यूबवेल पर मिली, परिजनों ने साले और दोस्त पर जताया हत्या का शक
Firozabad News: जिले के थाना नारखी क्षेत्र के जाखई गांव में रविवार की सुबह दहशत फैल गई। खेतों के बीच बनी एक ट्यूबवेल की कोठरी में एक युवक का सिर कटा और नग्न शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी 26 वर्षीय सौरभ सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता था।
रविवार सुबह जब गांव वाले रोज की तरह खेतों पर काम करने पहुंचे, तो ट्यूबवेल की कोठरी से आ रही दुर्गंध और वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कोठरी के भीतर युवक का धड़ पड़ा था, लेकिन सिर गायब था। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सौरभ मूल रूप से एटा का रहने वाला था और पिछले कुछ सालों से फिरोजाबाद में अपने परिवार के साथ घर बनाकर रह रहा था। 8 जनवरी को वह रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया था।
मृतक के परिवार ने सौरभ के साले और एक करीबी दोस्त पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि साजिश के तहत उसे गायब किया गया और फिर इतनी क्रूरता से मार डाला गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिर को धड़ से अलग कर कहां छिपाया गया है।
इलाके में दहशत और आक्रोश
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से गांव और मृतक के मोहल्ले में मातम पसरा है। सुनसान जगह पर ले जाकर नग्न अवस्था में हत्या करना किसी गहरी रंजिश की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की धरपकड़ के लिए कई टीमें लगा दी हैं।

