पहले जोड़े हाथ, फिर…बलिया के प्राचीन दुर्गा मंदिर में चांदी का मुकुट और दानपात्र पर चोरों ने किया हाथ साफ
Sandesh Wahak Digital Desk: बलिया जिले के नगरा कस्बे में स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में शुक्रवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात अराजकतत्वों ने मंदिर के गेट को तोड़कर प्रवेश किया और माँ दुर्गा की प्रतिमा पर सुशोभित आभूषणों सहित दानपात्र में रखी नकदी भी चुरा ली। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चोरी का विवरण और फुटेज का खुलासा
शनिवार सुबह जब पूजा के लिए महिलाएं मंदिर पहुंचीं और गेट खुला देखा तो उन्होंने शोर मचाया। पुजारी मुन्ना पांडेय के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात स्पष्ट रूप से कैद है। रात 1:37 बजे तीन युवक मंदिर परिसर में घुसे थे। एक युवक ने गर्भगृह का ताला तोड़ा और मां दुर्गा की प्रतिमा पर सुशोभित लगभग एक किलो वजनी चाँदी का मुकुट तथा सोने की दो नथिया चुरा ली। वहीं, दो अन्य युवकों ने मंदिर में रखे दोनों दानपात्रों का ताला तोड़ा और उनमें रखी लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई और आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और स्थानीय थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उन्होंने दानपात्रों को टूटा हुआ और नकदी को गायब पाया। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है और चोरों की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चोरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।

