पहले स्मृति मंधाना और अब दोस्त… पलाश मुच्छल पर 40 लाख रुपये के फ्रॉड का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: सिंगर और फिल्म निर्देशक पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। क्रिकेटर स्मृति मंधाना से जुड़ी निजी जिंदगी को लेकर पहले ही सुर्खियों में रहे पलाश पर अब 40 लाख रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगा है।
यह आरोप मंधाना के दोस्त बताए जा रहे सांगली निवासी वैभव माने ने लगाया है। वैभव का कहना है कि फिल्म में निवेश के नाम पर उनसे रकम ली गई, लेकिन न तो फिल्म बनी और न ही पैसा वापस किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वैभव माने की मुलाकात दिसंबर 2023 में पलाश मुच्छल से कराई गई थी। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना के माध्यम से हुई थी।

इसके बाद पलाश ने अपनी प्रस्तावित फिल्म ‘नजरिया’ में निवेश का प्रस्ताव रखा और ओटीटी रिलीज के बाद मुनाफा देने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि वैभव ने इस भरोसे पर फिल्म में 40 लाख रुपये का निवेश किया। हालांकि, फिल्म का निर्माण ही नहीं हो सका और जब वैभव ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा।
कई महीनों तक इंतजार के बाद वैभव ने पुलिस से संपर्क किया और पुलिस अधीक्षक को निवेश से जुड़े दस्तावेज सौंपे।
वैभव माने का कहना है कि फिल्म रिलीज न होने की स्थिति में भी रकम लौटाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक पैसा वापस नहीं किया गया। इसी के चलते उन्होंने कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया है।
गौरतलब है कि इससे पहले पलाश मुच्छल का नाम स्मृति मंधाना के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में रहा था। नवंबर 2024 में दोनों की शादी की खबरें सामने आई थीं और तय तारीख पर रस्में भी शुरू हुई थीं, लेकिन बाद में शादी रद्द कर दी गई। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगती रहीं।
फिलहाल, 40 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस द्वारा दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस प्रकरण में पलाश मुच्छल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Also Read: ICC-BCB Controversy: बांग्लादेश से छिनेगी इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी

