मुजफ्फरपुर में घर में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जलकर मौत, 5 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मोतीपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के पाँच लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि पाँच अन्य लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा ललन कुमार के घर हुआ। बताया जाता है कि ललन कुमार का पूरा परिवार शुक्रवार रात खाना खाकर आराम से सोया था, तभी देर रात उनके घर में आग लग गई। पड़ोसियों को जब आग लगने की सूचना मिली, तो उन्होंने घर से लोगों को बाहर निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन पाँच लोगों को नहीं बचाया जा सका।
मोतीपुर के थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों में ललन कुमार, उनकी पत्नी, माँ और दो बच्चे शामिल हैं। दुर्घटना में पाँच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आशंका है कि जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तब शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी, जिससे झुलसकर या दम घुटने से उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की सभी कोणों से गहन जाँच की जा रही है। ठंड के मौसम में इस तरह आग लगने की घटनाओं में वृद्धि होती रही है।
Also Read: शादी की चौथी सालगिरह पर राजकुमार राव और पत्रलेखा के घर आई नन्हीं परी, अभिनेता ने शेयर की गुड न्यूज़

