Lucknow News: अंतरराज्यीय हाई-टेक पॉकेटमार गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार, 1.24 लाख रुपये नगद और स्कूटी बरामद
Lucknow News: लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चारबाग रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों में सक्रिय एक हाई-टेक अंतरराज्यीय जेबकतरा और चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 5 शातिर अभियुक्तों को दबोचकर उनके कब्जे से 1,24,700 रुपये की नगदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी (UP32 JV 8656) बरामद की है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली और महाराष्ट्र में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस जांच में इस गिरोह की कार्यशैली को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरोह के सदस्य बाकायदा प्लेटफॉर्म टिकट लेकर रेलवे स्टेशनों पर वैध रूप से प्रवेश करते थे ताकि कोई उन पर शक न करे। ये दिन के समय ट्रेनों के जनरल डिब्बों, ऑटो और ई-रिक्शा में यात्रियों का ध्यान भटकाकर जेब काट लेते थे। यह गिरोह चोरी के जरिए हर महीने 20 लाख रुपये तक कमा लेता था। गिरोह के सदस्य महंगे किराए के मकानों में रहते थे और एक शहर से दूसरे शहर जाने के लिए फ्लाइट (हवाई जहाज) का इस्तेमाल करते थे। पुलिस से बचने के लिए ये आरोपी लगातार अपने ठिकाने और शहर बदलते रहते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों का ब्योरा
संदीप सुधाकर तिजोरे (35): निवासी अहमदनगर (महाराष्ट्र), गिरोह का मुख्य सरगना। इस पर मुंबई और दिल्ली के रेलवे थानों में 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जावेद अख्तर (25): निवासी मुंबई, गिरोह में नए लड़कों को जोड़ने वाला मुख्य सहयोगी।
अरविन्द गुप्ता (35): निवासी सोनभद्र, स्टेशन पर पानी बेचने का काम करता था।
कुनाल विलास सिरसाठ (24): निवासी नासिक (महाराष्ट्र), ट्रेन में गुटखा बेचने का काम करता था।
सोनू (30): निवासी गोंडा, ट्रेन व स्टेशनों पर इयरफोन बेचने की फेरी लगाता था।
बरामद रकम की जांच करने पर इसका संबंध लखनऊ के थाना सैरपुर, दुबग्गा और जानकीपुरम में दर्ज चोरी के मुकदमों से पाया गया है, जिसके आधार पर मुकदमों में संबंधित बीएनएस की धाराएं बढ़ाई गई हैं। अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव ने बताया कि मुख्य सरगना के आपराधिक इतिहास को देखते हुए महाराष्ट्र और दिल्ली पुलिस से संपर्क साधा गया है। पुलिस ने आम जनता और पीड़ितों से अपील की है कि जिन यात्रियों के साथ पूर्व में जेबकटी हुई है, वे पुलिस से संपर्क करें। इसके साथ ही मकान मालिकों से किराएदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने का आग्रह किया गया है।
Also Read: iPhone 18 Pro की कीमत ₹1.39 लाख से शुरू होने की उम्मीद, जानें फोल्डेबल Duo का प्राइस

