कनाडा के ब्रैम्पटन में भीषण आग से भारतीय नागरिक समेत 5 की मौत, दूतावास ने जताया दुःख

Sandesh Wahak Digital Desk: कनाडा के ओंटारियो प्रांत स्थित ब्रैम्पटन शहर में भीषण आग लगने की दुखद घटना सामने आई है। इस विनाशकारी हादसे में एक भारतीय नागरिक सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई है। टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और बताया कि उन्होंने प्रभावित भारतीय परिवार से संपर्क स्थापित कर लिया है। दूतावास की तरफ से शोक संतप्त परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।

मरने वालों में 3 महिलाएँ और 2 बच्चे शामिल

भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ब्रैम्पटन में हुई विनाशकारी आग की घटना में भारतीय नागरिकों की मौत से हम बहुत दुखी हैं। वाणिज्य दूतावास शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। सीटीवी न्यूज के अनुसार, आग 19-20 नवंबर की देर रात 2.15 बजे लगी थी।

कांस्टेबल टायलर बेल ने बताया कि घटनास्थल पर ही तीन महिलाओं और एक छोटे बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई थी। सीबीसी न्यूज़ के अनुसार, अस्पताल ले जाए गए लोगों में एक गर्भवती महिला भी शामिल थी, जिसने आग से बचने के लिए खिड़की से छलांग लगा दी थी। उसकी आपातकालीन सर्जरी की गई, लेकिन बच्चे की भी मौत हो गई। महिला घायल है।

Also Read: थाईलैंड में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या हुई 145, सोंगखला प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.