नेपाल के रास्ते बिहार पहुंचे 5 संदिग्ध विदेशी नागरिक गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक संयुक्त अभियान में पाँच संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी नेपाल के रास्ते बिहार पहुँचे थे और पटना जाने की फिराक में थे।
शनिवार देर रात एसएसबी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग एक गाँव से बस पकड़कर पटना जा रहे हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए, एसएसबी और पुलिस की एक टीम घोड़ासहन बस स्टैंड पहुँची और एक यात्री बस से चार लोगों को हिरासत में लिया। बाद में एक और संदिग्ध को पकड़ा गया।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में चार सूडान के और एक बोलिविया का नागरिक है। इनकी पहचान सूडान निवासी अब्दुल फितह, रमा सिद्दीकी, अली अब्दुल गफ्फार, अहमद डफआला और बोलिविया के मिगुएल सोलानो चावेज के रूप में हुई है। इनकी उम्र 30 से 40 साल के बीच है। पुलिस ने इनके पास से उर्दू में लिखे नोट्स, कुछ किताबें और कई दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनकी जाँच की जा रही है।
जांच एजेंसियां कर रहीं पूछताछ
पूछताछ के दौरान सूडानी नागरिकों ने बताया कि वे पढ़ाई करने के लिए भारत आए हैं, लेकिन वे नेपाल के रास्ते भारत क्यों आए, इस बारे में कोई साफ जवाब नहीं दे पाए। खुफिया विभाग (आईबी) के अधिकारी भी इनसे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जाँच कर रही है।
Alos Read: LoC पर भारत-पाक सेनाओं के बीच एक घंटे तक ताबड़तोड़ फायरिंग, सीमावर्ती इलाकों में तनाव

