पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बाढ़ का कहर, 11 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ ने खूब तबाही मचाई है। इस भयानक बाढ़ में अब तक कम से कम 11 लोगों की जान चली गई है और छह लोग घायल हुए हैं। बाढ़ की वजह से स्वात नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
प्रोविजनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (PDMA) ने इन मौतों की पुष्टि की है और बताया है कि प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर बचाव और राहत कार्य चलाए जा रहे हैं।
जान-माल का भारी नुकसान
PDMA के मुताबिक, जान गंवाने वालों में चार पुरुष, तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। इस बाढ़ की चपेट में आकर 56 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 6 घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं, जबकि 50 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वात क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है और यहीं पर 11 मौतों की पुष्टि भी हुई है। डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने बाढ़ के स्तर को बहुत अधिक बताया है। अधिकारियों का कहना है कि दर्जनों लोग अभी भी बाढ़ में फंसे हुए हैं। लगातार दो दिनों की बारिश के बाद स्थिति को संभालने के लिए राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार, PDMA ने स्वात क्षेत्र में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए पेशावर, चरसद्दा और नौशेरा के अधिकारियों को भी अलर्ट जारी किया है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। स्वात के डिप्टी कमिश्नर शहजाद महबूब ने बताया है कि स्वात नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण 73 लोग अलग-अलग जगहों पर फंस गए हैं। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि शुक्रवार को स्वात नदी में आई अचानक बाढ़ में दो पर्यटक परिवारों के 18 लोग बह गए, जिनमें से 17 की मौत हो गई।
Also Read: हमीरपुर में इंसानियत शर्मसार: मां के शव को 1 KM तक स्ट्रेचर पर ढोता रहा बेटा, वजह कर देगी हैरान

