यूपी में कोहरे का ‘रेड अलर्ट’: ज़ीरो विज़िबिलिटी और गलन से थमी प्रदेश की रफ्तार, 4°C तक गिरा पारा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश इस समय कुदरत के दोहरे वार भीषण गलन और जानलेवा कोहरे का सामना कर रहा है। शनिवार सुबह राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 75% हिस्से घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटे रहे। मुरादाबाद, बरेली और प्रयागराज जैसे शहरों में दृश्यता (Visibility) शून्य दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पूरी तरह चरमरा गया है।
रिकॉर्ड तोड़ ठंड: हरदोई और कानपुर सबसे ठंडे
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है:
सबसे कम तापमान: हरदोई, कानपुर, नजीबाबाद, अयोध्या और बिजनौर में पारा गिरकर 4.0°C पर पहुंच गया है।
प्रमुख शहरों का हाल: मुजफ्फरनगर (4.1°C), मुरादाबाद (4.2°C), अलीगढ़ (4.4°C) और गोरखपुर (4.7°C) में भी कड़ाके की ठिठुरन रही।
राजधानी लखनऊ: लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.8°C दर्ज किया गया, लेकिन कोहरे के कारण गलन का अहसास कहीं अधिक रहा।
शून्य दृश्यता और यातायात पर असर
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मुरादाबाद, प्रयागराज और श्रावस्ती में विज़िबिलिटी 0 मीटर रही।
40-50 मीटर विज़िबिलिटी: फतेहगढ़, बहराइच, अलीगढ़ और मेरठ।
देर से धूप निकलने और बर्फीली हवाओं के चलते दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है।
इन जिलों में ‘अत्यंत घने कोहरे’ की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24-48 घंटों के लिए तराई और पश्चिमी यूपी के जिलों में अत्यंत घना कोहरा रहने का अलर्ट जारी किया है।
प्रमुख प्रभावित ज़िले: लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, और बिजनौर।
Also Read: माघ मेला 2026: सनातन किन्नर अखाड़े का विस्तार; देश की पहली किन्नर वकील बनीं महामंडलेश्वर

