कानपुर में खाद्य सुरक्षा टीम की सक्रियता, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
Kanpur News: जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जनपद में उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग की टीम ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। यह अभियान विशेष रूप से आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को ध्यान में रखते हुए व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों—जैसे मिठाइयाँ, दुग्ध उत्पाद, घी, कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, सूखे मेवे और फलाहार—की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर केंद्रित था।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कृत्रिम रसायनों से पकाए गए फलों के भंडारण और विक्रय पर भी रोक लगाने के लिए निरीक्षण किया। यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
दिनांक 24 और 25 सितंबर को जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 36 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए। इनमें मूंगफली दाना, साबुदाना, सिंघाड़ा आटा, कुट्टू आटा, घी, दूध, पनीर, आइसक्रीम, किसमिस, काजू, पेड़ा, बनाना चिप्स, बूंदी, चना दाल, हल्दी पाउडर, चिली सॉस आदि शामिल हैं।

नमूनों के संग्रह के स्थान
मूसानगर रोड, घाटमपुर, भाभा नगर, सनिगवों, विनायकपुर, हूलागंज, पाण्डुनगर, पी रोड, नौबस्ता गल्ला मंडी, श्याम नगर, चौबेपुर और कल्यानपुर सहित कई प्रतिष्ठान शामिल थे। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित और शुद्ध खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें।
Also Read: सीतापुर BSA-प्रिंसिपल विवाद: शिक्षिका अवंतिका गुप्ता निलंबित, जानिए क्यों हुई कार्रवाई?

