लखनऊ में जल्द खुलेगा ‘फूड वैली’, चटोरी गली की तर्ज पर मिलेगा स्वाद का नया ठिकाना

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊवासियों के लिए एक और बेहतरीन खानपान स्थल जल्द ही शुरू होने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अब गोमतीनगर में ‘चटोरी गली’ की तरह एक नया और आधुनिक ‘फूड वैली’ विकसित करने जा रहा है। यह फूड ज़ोन समतामूलक चौक और प्रतीक स्थल के बीच आशा ज्योति लेन में तैयार किया जा रहा है।

क्या होगा खास?

इस फूड वैली में 42 प्रतिष्ठित ब्रांड्स के फूड आउटलेट्स खोले जाएंगे, जो न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि लखनऊ आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक बड़ा आकर्षण बनेंगे। यहां हर उम्र के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास मिलेगा स्वाद, आराम और मनोरंजन का एक अनोखा मेल।

अब निजी कंपनियों को मिली ज़िम्मेदारी

एलडीए शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को खुद संचालित करने की योजना बना रहा था, लेकिन अब यह कार्य टेंडर प्रक्रिया के जरिए निजी कंसोर्टियम को सौंप दिया गया है। इस टेंडर से एलडीए को हर साल लगभग 95 लाख रुपये की आय होने की संभावना है। यह जिम्मेदारी दिल्ली की ‘हैस्लेट’ और लखनऊ की ‘एमजीवी फूड डिजाइन’ नामक कंपनियों के संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) को पांच वर्षों के लिए सौंपी गई है।

गर्मी में भी मिलेगा आराम से खाने का आनंद

फूड वैली को खासतौर पर ऐसा डिजाइन किया गया है कि वहां गर्मी में भी सुकून से बैठकर भोजन का आनंद लिया जा सके। इसके लिए एयर मिस्ट तकनीक पर आधारित टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए जाएंगे, जिससे इस क्षेत्र का तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। साथ ही बच्चों के लिए एक मनोरंजक प्ले ज़ोन भी बनाया जाएगा, जिससे यह जगह पूरे परिवार के लिए एक परफेक्ट आउटिंग डेस्टिनेशन बन सके।

नो-व्हीकल ज़ोन और बेहतर पार्किंग की सुविधा

यह पूरा क्षेत्र वाहन मुक्त (नो-व्हीकल ज़ोन) रहेगा। इसके लिए डीसीपी ट्रैफिक से अनुमति प्राप्त कर ली गई है। फूड वैली के पास 150 दोपहिया और 60 चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी बनाई गई है। मुख्य प्रवेश बिंदु पर वाहन रोके जाएंगे और एक अस्थायी गेट भी स्थापित किया जा रहा है।

कब से खुलेगा फूड वैली?

एलडीए द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संचालन की जिम्मेदारी भी कंपनियों को सौंप दी गई है। अनुमान है कि अगले महीने से यह फूड वैली आम जनता के लिए खोल दी जाएगी, जो लखनऊ शहर को एक नया और जीवंत पहचान देने का काम करेगी।

Also Read: लखनऊ कलेक्ट्रेट की महिला कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर मांगे थे पैसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.