14 साल बाद भारत आएंगे ‘फुटबॉल किंग’ लियोनल मेसी, कोलकाता से दिल्ली तक दिखाएंगे जलवा
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया के सबसे लोकप्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक, अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनल मेसी एक बार फिर भारत आने जा रहे हैं।
14 साल बाद होने वाले इस बहुप्रतीक्षित दौरे की पुष्टि खुद मेसी ने की है। वह 13 से 15 दिसंबर के बीच भारत के चार शहरों — कोलकाता, अहमदाबाद, मुंबई और नई दिल्ली — का दौरा करेंगे।
2011 में कोलकाता में हुए एक दोस्ताना मैच के दौरान भारत आए मेसी ने इस दौरे को लेकर खास उत्साह जताया। उन्होंने कहा,

“यह यात्रा करना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सम्मान है। भारत एक बहुत ही खास देश है। 14 साल पहले मैंने जो समय यहां बिताया था, उसकी अच्छी यादें मेरे साथ हैं। वहां के प्रशंसक शानदार थे।
भारत फुटबॉल को लेकर एक जुनूनी देश है। मैं इस खूबसूरत खेल के प्रति अपने लगाव को साझा करते हुए प्रशंसकों की नयी पीढ़ी से मिलने के लिए उत्सुक हूं।”
कोलकाता से होगी शुरुआत, पीएम मोदी से होगी समापन पर मुलाकात
मेसी का भारत दौरा 13 दिसंबर को कोलकाता से शुरू होगा, जहां वे सॉल्ट लेक स्टेडियम में ‘GOAT कॉन्सर्ट’ और ‘GOAT कप’ में हिस्सा लेंगे।
इस आयोजन में उनके साथ भारत के दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली, बाईचुंग भूटिया और लिएंडर पेस भी मैदान साझा कर सकते हैं।
इसके बाद मेसी अहमदाबाद, मुंबई और अंत में नई दिल्ली जाएंगे। 15 दिसंबर को यह ऐतिहासिक दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ समाप्त होगा।
खास आयोजन, चित्र और मूर्ति का अनावरण
भारत दौरे के दौरान मेसी कई खास कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें शामिल हैं:
-
फुटबॉल मास्टरक्लास
-
फूड फेस्टिवल
-
मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में पैडल टेनिस प्रदर्शनी मैच
-
प्रशंसकों के साथ संवाद सत्र
कोलकाता में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान 25 फुट ऊंचे भित्ति चित्र और अब तक की सबसे बड़ी मेसी मूर्ति का अनावरण भी किया जाएगा।
टिकट की कीमतें और उपलब्धता
इन कार्यक्रमों के लिए टिकटों की कीमत ₹3,500 से शुरू होने की संभावना है। आयोजकों के मुताबिक, टिकटों की बिक्री जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और पार्टनर प्लेटफॉर्म्स पर शुरू होगी।

