उत्तर प्रदेश में 45 हजार होमगार्ड भर्ती के लिए पहले कराना होगा OTR, जानें पूरी प्रक्रिया

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। प्रदेश में 45 हजार होमगार्ड्स की भर्ती प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने इस भर्ती के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) लिंक को सक्रिय कर दिया है। यानी अब जो भी उम्मीदवार इस भर्ती में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें पहले OTR कराना अनिवार्य होगा। बिना OTR के किसी भी उम्मीदवार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कैसे करें वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR)

उम्मीदवारों को सबसे पहले uppbpb.gov.in वेबसाइट पर जाकर “One Time Registration (OTR)” लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां अपनी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करें। ध्यान रखें, बाद में इन्हें बदला नहीं जा सकेगा। इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक पहचान पत्र का नंबर डालना होगा। फिर10वीं की मार्कशीट के अनुसार नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण भरें। जानकारी सबमिट करने के बाद रजिस्ट्रेशन कन्फर्मेशन आपके मोबाइल नंबर और ईमेल पर भेज दिया जाएगा।

किसे कराना होगा OTR?

यूपी में अब सभी पुलिस भर्तियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रणाली लागू की जा चुकी है। यानी उम्मीदवारों को हर बार आवेदन करते समय बार-बार अपनी जानकारी भरने की जरूरत नहीं होगी। जिन उम्मीदवारों ने पहले से ही OTR पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन जो पहली बार आवेदन कर रहे हैं, उनके लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य है।

जल्द जारी होगी भर्ती की अधिसूचना

UPPRPB के अनुसार, होमगार्ड भर्ती 2025 का विस्तृत नोटिफिकेशन नवंबर के अंत तक जारी होने की संभावना है। इसमें श्रेणीवार सीटों की संख्या और परीक्षा कार्यक्रम का पूरा विवरण शामिल होगा। इस भर्ती में उम्मीदवार केवल अपने स्थायी जिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। उदाहरण के लिए, अगर कोई अभ्यर्थी प्रयागराज का निवासी है, तो वह केवल अपने जिले के लिए आवेदन करेगा।

चयन प्रक्रिया में क्या होगा?

उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) पास करनी होगी। इसमें दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसे फिटनेस मानक शामिल होंगे। सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन मोड में होगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

कौन आवेदन नहीं कर पाएंगे?

जिन उम्मीदवारों को पहले किसी नगर निकाय की सेवा से बर्खास्त किया गया है या जिनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है, वे इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। यह भर्ती उत्तर प्रदेश सरकार की उन योजनाओं का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य राज्य के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर देना है। इसलिए अगर आप राज्य में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हैं, तो 45 हजार होमगार्ड्स की भर्ती आपके लिए एक बड़ा मौका हो सकता है।

 

Also Read: Kaushambi News: शादी के सिर्फ 8 दिन बाद नवविवाहिता का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला, अनचाही शादी से गहराया रहस्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.